रुड़की में ‘लोकसंग्राम’ युवा संसद का समापन, छात्रों ने दिखाया प्रतिभा का दम

रुड़की में ‘लोकसंग्राम’ युवा संसद का समापन, छात्रों ने दिखाया प्रतिभा का दम

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की के इमलीखेड़ा स्थित कौशिक पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय ‘लोकसंग्राम – राष्ट्रीय युवा संसद एवं मॉडल यूनाइटेड नेशंस’ कार्यक्रम का भव्य समापन हो गया। इस बौद्धिक आयोजन में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी तार्किक क्षमता और विधायी समझ का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा शामिल हुए। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि आज के छात्र ही कल के भारत का भविष्य हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधानसभा और लोकसभा की कार्यप्रणाली की गहन जानकारी दी जानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। ऐसे मंच छात्रों में नेतृत्व क्षमता, सार्वजनिक मंच पर बोलने का आत्मविश्वास और वैश्विक मुद्दों पर सोचने की क्षमता विकसित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने भी युवाओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं को राजनीति और समाज सेवा में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए, ताकि देश को नई दिशा मिल सके।

दो दिवसीय इस आयोजन ने न केवल छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ भी प्रदान की।