ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आकर बैंक मैनेजर की मौत, जांच में जुटी पुलिस

ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आकर बैंक मैनेजर की मौत, जांच में जुटी पुलिस

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश के भट्टोवाला रेलवे फाटक के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय बैंक मैनेजर की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव दो हिस्सों में बंट गया।

पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे की है, जब योग नगरी रेलवे स्टेशन से हरिद्वार की ओर जा रही हावड़ा ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।

मृतक की पहचान वीरेंद्र दत्त बेलवाल (55), निवासी अमित ग्राम गुमानीवाला, ऋषिकेश के रूप में हुई है। वह उत्तराखंड कॉपरेटिव बैंक में सीनियर ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम को मृतक के घर से टेबल पर रखी शराब की बोतल, तीन गिलास और बेड पर कपड़े के तीन फंदे बरामद हुए हैं, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।