झबरेड़ा में गोकशी मामला गरमाया, थाने का घेराव, सत्ताधारी नेता पर गंभीर आरोप

झबरेड़ा में गोकशी मामला गरमाया, थाने का घेराव, सत्ताधारी नेता पर गंभीर आरोप

स्थान : हरिद्वार (उत्तराखंड)
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जनपद के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में महीनों पुराना गोकशी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में हिंदू संगठनों और ग्रामीणों के विरोध के चलते स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

रविवार को हिंदू सेना उत्तराखंड और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता झबरेड़ा थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महीनों पहले गंदे नाले से भारी मात्रा में गोवंश के अवशेष बरामद होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले इस मामले का खुलासा हुआ था, जब स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने नाले से गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना दी थी। उस समय पुलिस ने जांच का भरोसा दिया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी मामले में कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया।

मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब पीड़ित ग्रामीण भी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि उन पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने एक स्थानीय सत्ताधारी दल के नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में 11 से 12 गोवंशों की हत्या की गई। साथ ही यह भी दावा किया गया कि गोवंश के मांस को एक शादी समारोह में परोसा गया।

हालांकि पुलिस ने आरोपों पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी होने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, झबरेड़ा क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।