गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से चारधाम यात्रा शुरू, प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से चारधाम यात्रा शुरू, प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में रविवार को श्री गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन के साथ ही पवित्र चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो जाएगी। यात्रा को लेकर दोनों धामों और यात्रा मार्गों पर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

यमुनोत्री धाम क्षेत्र में यात्रा शुरू होने से पहले शनिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वयं यमुनोत्री धाम पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने धाम तक के पैदल मार्ग और यात्रा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा यात्रा को सुचारु बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

जिलाधिकारी ने यमुनोत्री धाम के करीब 5 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग का निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों की स्थिति को परखा। इस दौरान उन्होंने रेलिंग मरम्मत, रेन शेल्टर निर्माण, बिजली-पानी की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, साइन बोर्ड, सफाई व्यवस्था और शौचालयों की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय पर और पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वैकल्पिक पैदल मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भीड़ बढ़ने या किसी आपात स्थिति में इस मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा, इसलिए इसे पूरी तरह तैयार रखा जाए।

यात्रा मार्ग पर चलते हुए जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं पर उनका फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की तैयारियों को लेकर संतोष व्यक्त किया।

धाम क्षेत्र में सुरक्षा, बिजली, पानी, सफाई व्यवस्था और शौचालय निर्माण को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। मंदिर परिसर के पास चेंजिंग रूम सहित अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।

प्रशासन ने दावा किया है कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।