CBSE 10वीं में उत्तराखंड की बेटी हर्षा ने किया कमाल, 500 में 500 अंक हासिल

CBSE 10वीं में उत्तराखंड की बेटी हर्षा ने किया कमाल, 500 में 500 अंक हासिल

स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यरो रिपोर्ट

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें उत्तराखंड के रुद्रपुर की एक छात्रा ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

हर्षा ने 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के बाद स्कूल में खुशी का माहौल है और शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावक भी बेहद उत्साहित हैं।

स्कूल के चेयरमैन सुरजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हर्षा की इस सफलता से पूरे संस्थान को गर्व है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और हर्षा के उज्जवल भविष्य की कामना की।

वहीं हर्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को दिया। उसने कहा कि उसे खुद उम्मीद नहीं थी कि वह इतने अच्छे अंक हासिल कर पाएगी, लेकिन मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम आज सामने है।

हर्षा की मां ने बताया कि उनकी बेटी ने बिना किसी ट्यूशन के ही पढ़ाई की और पूरी मेहनत से तैयारी की। उन्होंने कहा कि हर्षा का यह परिणाम उसकी लगन और समर्पण का नतीजा है।

इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और सही दिशा में प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। हर्षा की सफलता से क्षेत्र में भी खुशी की लहर है।

शिक्षकों का कहना है कि हर्षा शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है और पढ़ाई के प्रति उसकी लगन हमेशा देखने को मिली है। उसकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

सीबीएसई के इस परिणाम ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि उत्तराखंड के छात्र-छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।