ऋषिकेश में बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बरामद

ऋषिकेश में बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बरामद

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। LIU की सूचना पर ऋषिकेश पुलिस ने नटराज चौक क्षेत्र से एक संदिग्ध विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान रीना उर्फ रीता (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश की रहने वाली बताई जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें फर्जी आधार कार्ड, बांग्लादेश का पहचान पत्र और नागरिकता प्रमाण पत्र की कॉपी शामिल है। प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों की सत्यता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार LIU को लंबे समय से इस महिला की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। इसी आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और नटराज चौक क्षेत्र में उसे पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि उसे ‘रिपोन’ नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किया था। आरोपी ने नौकरी का झांसा देकर उसे लगभग एक माह पहले अवैध तरीके से भारत भेजा था।

महिला ने यह भी बताया कि भारत आने के बाद उसे पश्चिम बंगाल ले जाया गया, जहां फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर उसका आधार कार्ड बनवाया गया। इसके बाद वह अलग-अलग स्थानों पर रह रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित तरीके से अवैध घुसपैठ और दस्तावेजों की जालसाजी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ BNS, पासपोर्ट एक्ट और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

वहीं सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि इसके पीछे बड़ा गिरोह सक्रिय होने की आशंका है।