उत्तराखंड क्रांति दल ने काशी सिंह एड़ी को बनाया 2027 चुनाव के लिए मुख्यमंत्री चेहरा

उत्तराखंड क्रांति दल ने काशी सिंह एड़ी को बनाया 2027 चुनाव के लिए मुख्यमंत्री चेहरा

स्थान : लोहाघाट
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। पार्टी ने अपने दिग्गज नेता, संस्थापक सदस्य, पूर्व विधायक और राज्य आंदोलन के पुरोधा काशी सिंह एड़ी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। इस निर्णय के बाद प्रदेश की राजनीति में यूकेडी एक बार फिर सक्रिय होती नजर आ रही है।

इसी क्रम में यूकेडी नेता काशी सिंह एड़ी बुधवार को चंपावत जिले के लोहाघाट पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं।

लोहाघाट पहुंचने पर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी प्रहलाद सिंह मेहता के नेतृत्व में काशी सिंह एड़ी का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर पार्टी के समर्थन और एकजुटता का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में काशी सिंह एड़ी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर वह सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हैं और उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल पूरे जोश और पुराने आंदोलनकारी तेवर के साथ 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगा। पार्टी का उद्देश्य प्रदेश में जनता के सहयोग से सरकार बनाना है और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देना है।

काशी सिंह एड़ी ने कहा कि यूकेडी का मुख्य एजेंडा गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना, मूल निवास लागू करना तथा जल, जंगल और जमीन जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाना रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 26 वर्षों में कांग्रेस और भाजपा दोनों ने बारी-बारी से राज्य का शोषण किया है।

उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गांवों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और कई जगह मरीजों को डोली के सहारे ले जाना पड़ रहा है।

यूकेडी नेताओं ने कहा कि काशी सिंह एड़ी को मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। सभी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ 2027 का चुनाव लड़ेंगे और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का दावा किया जा रहा है।