

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने राज्य के वन मंत्री सुबोध उनियाल के हालिया बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने मंत्री के उस कथन को “बचकाना और हास्यास्पद” बताया है, जिसमें वन्यजीव हमलों के पीछे महिलाओं के जंगल में लकड़ी लेने जाने को मुख्य कारण बताया गया था।


डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि इस तरह के बयान पीड़ित परिवारों की पीड़ा के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाते हैं और सरकार की जमीनी नाकामी को उजागर करते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार की उज्ज्वला योजना वास्तव में सफल होती, तो ग्रामीण महिलाओं को चूल्हा जलाने के लिए जंगलों में जाकर अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी पड़ती।


कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार वन्यजीव-मानव संघर्ष जैसी गंभीर समस्या को हल्के में ले रही है, जबकि यह लगातार राज्य के कई क्षेत्रों में जानमाल के नुकसान का कारण बन रही है।


उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के बयान न केवल जिम्मेदार पद की गरिमा के विपरीत हैं, बल्कि जनता के दर्द को भी अनदेखा करते हैं। डॉ. सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता इस संवेदनहीन रवैये का जवाब आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों में देगी।
फिलहाल, इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है और सियासी बहस तेज हो गई है।


