

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल से दूर भीमताल विकासखंड में जनपद नैनीताल के आठों ब्लॉक प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक प्रमुख संगठन की एकता को मजबूत करने, जनहित के कार्यों को गति देने तथा पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।


बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों में पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और प्रभावशीलता सुनिश्चित करना रहा। सभी ब्लॉक प्रमुखों ने इस बात पर सहमति जताई कि पंचायत स्तर पर चल रही विकास योजनाओं को अधिक जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ लागू किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को सीधे लाभ मिल सके।

बैठक में विशेष रूप से क्षेत्र पंचायत विकास समिति (BDC) की बैठकों में जिलाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ब्लॉक प्रमुखों ने एक स्वर में कहा कि उच्च अधिकारियों की उपस्थिति से योजनाओं की निगरानी बेहतर होगी और स्थानीय समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो सकेगा।

इसके साथ ही बैठक में यह भी स्पष्ट निर्णय लिया गया कि ब्लॉक स्तर पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रमुखों ने कहा कि ऐसे हस्तक्षेपों के खिलाफ संगठनात्मक एकजुटता के साथ आवाज उठाई जाएगी।

संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए ब्लॉक प्रमुख संगठन की कार्यकारिणी गठन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया जाएगा, जिससे संगठन के कार्यों में और अधिक गति और प्रभावशीलता लाई जा सके।

बैठक में उपस्थित सभी ब्लॉक प्रमुखों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आपसी समन्वय बनाए रखने और क्षेत्रीय विकास को गति देने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी तय किया गया कि भविष्य में ऐसी बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों की सतत समीक्षा सुनिश्चित हो सके।


इस अवसर पर भीमताल आगमन पर ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, हल्द्वानी की मंजू गौड़, ओखलकांडा के डी. रूवाली, रामनगर की मंजू नेगी, कोटाबाग की मनीषा जंतवाल, धारी की भावना आर्य, बेतालघाट के अंकित साह, रामगढ़ के दीपक कुमार सहित ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी और उमेश पलड़िया उपस्थित रहे।

