

स्थान : किच्छा (पंतनगर)
रिपोर्टर : राजू सहगल

उड़ान योजना के अंतर्गत पवन हंस द्वारा पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाओं की शुरुआत कर दी गई है। इस नई सेवा के तहत पंतनगर से नौकुचियाताल के लिए पहली हेलीकॉप्टर उड़ान का शुभारंभ रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर और नारियल फोड़कर किया।


कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा ने इस सेवा को क्षेत्र के पर्यटन और पर्वतीय विकास के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हेली सेवाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।


उन्होंने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से अल्मोड़ा, नैनीताल, देहरादून सहित कई क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही नेपाल और उत्तर प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्रों के लोगों को भी यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।


विधायक ने कहा कि हेली सेवा के माध्यम से पर्यटक अब कम समय में पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंच सकेंगे, जिससे पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि यह हेली सेवा देहरादून, नौकुचियाताल और अल्मोड़ा को आपस में जोड़ेगी, जिससे लोगों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुगम होगी।

उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने की दिशा में काम चल रहा है और इसके विस्तार का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

डीएम ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से न केवल यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी और यह क्षेत्र जेवर व दिल्ली एयरपोर्ट से भी बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा।

