

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

नैनीताल जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।


पहली बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने चौकी भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35), निवासी ग्राम बैड़ा, थाना द्वाराहाट, जिला अल्मोड़ा (वर्तमान पता गंगा कॉलोनी, हल्द्वानी) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 14,520 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 1500 रुपये का पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया।
दूसरे मामले में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने गोला गेट राजपुरा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गुलशन (28) पुत्र स्व. छुट्टन निवासी राजपुरा को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

तीसरे मामले में वनभूलपुरा पुलिस ने चोरगलिया रोड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मेराज अली (45) पुत्र मौ. हनीफ को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें एनडीपीएस और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस पूरी कार्रवाई को एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्रा और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की चपेट से बचाने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

