

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

परिवहन विभाग द्वारा ‘नारी शक्ति रोड सेफ्टी संकल्प’ के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनकी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप बत्रा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिल रही है और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने में भी उनकी भूमिका अहम है।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को एक मंच पर लाकर उनके अनुभव साझा करना और परिवहन विभाग में उनकी भागीदारी को और बढ़ावा देना रहा।


इस दौरान महिला परिवहन अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग में बढ़ती महिलाओं की संख्या पर खुशी जताई। साथ ही उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और संघर्षों पर भी प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और परिवहन विभाग में भी उनकी भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जो अपने पारिवारिक दायित्वों के साथ-साथ अपने पेशेवर जीवन में भी उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

इसके साथ ही रोड सेफ्टी को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति समाज के हर वर्ग को जागरूक होना आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि महिलाओं की भागीदारी को और प्रोत्साहित किया जाएगा और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।

