

स्थान : (ऊधम सिंह नगर)
ब्यरो रिपोर्ट

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद हुए ब्लास्ट से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में पांच लोग झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


घटना ट्रांजिट कैंप के चामुंडा मंदिर के पास की बताई जा रही है। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के अनुसार गैस रिसाव के चलते सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे आसपास के कमरों में रहने वाले लोग इसकी चपेट में आ गए।


जानकारी के मुताबिक किराए के कमरे में रह रहे रामा आसरे के सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ, जिसमें वे और उनकी पत्नी देवकी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आग फैल गई।


वहीं पड़ोस के कमरे में रह रहे तीन अन्य लोग—अनीता, संगीता देवी और तीन वर्षीय बालिका पारुल भी इस घटना की चपेट में आ गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार झुलसी हुई महिला देवकी की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए गए।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

