चारधाम यात्रा राज्य की लाइफलाइन: मुख्यमंत्री धामी, तैयारियां पूरी

चारधाम यात्रा राज्य की लाइफलाइन: मुख्यमंत्री धामी, तैयारियां पूरी

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा को राज्य की ‘लाइफलाइन’ बताते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि राज्य की आर्थिकी का भी प्रमुख आधार है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वे स्वयं यात्रा मार्गों का जमीनी निरीक्षण करेंगे। इसी क्रम में वे रुद्रप्रयाग का दौरा करेंगे और वहां से गुप्तकाशी तक के सड़क मार्ग का बारीकी से निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निरीक्षण के दौरान उन संवेदनशील क्षेत्रों (क्रोनिकल जोन) का भी जायजा लिया जाएगा, जहां भूस्खलन या अन्य तकनीकी कारणों से यात्रा प्रभावित होने की आशंका रहती है।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन, आवास, पेयजल और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए।

सरकार का लक्ष्य है कि इस बार की चारधाम यात्रा न केवल सुरक्षित और व्यवस्थित हो, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक सुखद अनुभव भी साबित हो।