

स्थान : लक्सर
ब्यरो रिपोर्ट

लक्सर पुलिस ने भोगपुर में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का महज 48 घंटे में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्यारोपी को चोरी के सामान और हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी व पेचकस के साथ गिरफ्तार किया है।


एसपी देहात शेखर सुयाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 12 अप्रैल को भोगपुर स्थित मंदिर के केयरटेकर राजवीर पुत्र पाला, निवासी गोधना पुरकाजी मुजफ्फरनगर की हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने सिर पर हथौड़ी से वार कर इस वारदात को अंजाम दिया।


हत्या के बाद आरोपी ने मंदिर से इन्वर्टर और चढ़ावे के करीब 200 रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा पास के एक अन्य मंदिर से एम्पलीफायर भी चोरी किया गया, जिसके संबंध में कोतवाली लक्सर में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर एसपी देहात और सीओ लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने 14 अप्रैल को टांडा भागमल क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उस समय वह चोरी का सामान लेकर फरार होने की फिराक में था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल चौधरी (25) पुत्र परविंदर कुमार, निवासी अलमासपुर, नई मंडी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर है और शराब का आदी बताया जा रहा है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काम की तलाश में कनखल आया था और भोगपुर में अपनी मौसी के घर रुका था। रात में वह मौसी के घर से हथौड़ी और पेचकस लेकर चोरी के इरादे से मंदिर पहुंचा, जहां केयरटेकर के जागने पर उसने सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

