भिन्नू बस्ती में बिजली संकट गहराया, डबल फेज विद्युतीकरण की मांग तेज

भिन्नू बस्ती में बिजली संकट गहराया, डबल फेज विद्युतीकरण की मांग तेज

स्थान : नरेंद्रनगर
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित आगराखाल से लगभग 3 किलोमीटर आगे विकसित हो रही भिन्नू बस्ती में बिजली की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। क्षेत्र के नागरिकों ने सिंगल फेज विद्युतीकरण को अपनी परेशानी की मुख्य वजह बताते हुए डबल फेज व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती अब धीरे-धीरे एक मार्केट के रूप में विकसित हो रही है, लेकिन विद्युत व्यवस्था अभी भी सिंगल फेज तक सीमित है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

नागरिकों के अनुसार सिंगल फेज के कारण बिजली की आपूर्ति पर्याप्त नहीं मिल पाती। खासकर गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब पंखे तक ठीक से नहीं चल पाते।

लोगों ने बताया कि रात के समय बिजली इतनी कमजोर हो जाती है कि स्कूली बच्चों को पढ़ाई करने में कठिनाई होती है। इसके अलावा गीज़र जैसे उपकरण भी नहीं चल पाते, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ रहा है। वेल्डिंग जैसे कार्य सिंगल फेज में संभव नहीं हो पा रहे, जिससे स्थानीय व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से डबल फेज विद्युतीकरण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर भिन्नू बस्ती में डबल फेज बिजली व्यवस्था लागू करने की मांग की है।