

स्थान : विकासनगर
ब्यरो रिपोर्ट

विकासनगर में रोडवेज और इलेक्ट्रिक बस सेवाओं की मांग को लेकर जन सुविधा संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज कर दिया है। क्षेत्रीय विधायक के कैंप कार्यालय के बाहर समिति के सदस्यों ने सांकेतिक धरना देकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।


समिति के संयोजक अरविंद शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने देहरादून-कालसी रूट पर इलेक्ट्रिक बस और रोडवेज बसों का संचालन जल्द शुरू करने की मांग उठाई।


वक्ताओं ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल पहले ही सफल हो चुका है, इसके बावजूद सेवाएं शुरू न होना क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।


धरने में मौजूद लोगों ने बताया कि रोजाना हजारों छात्र-छात्राएं और नौकरीपेशा लोग देहरादून के लिए यात्रा करते हैं, लेकिन पर्याप्त बस सेवाएं न होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने को समर्थन देते हुए कांग्रेस प्रदेश सचिव विकास शर्मा ने कहा कि राज्य में नई रोडवेज बसें खरीदी जा चुकी हैं, लेकिन हरबर्टपुर बस अड्डे से अब तक संचालन शुरू नहीं होना चिंताजनक है।

उन्होंने हरबर्टपुर से चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और सहारनपुर के लिए जल्द बस सेवाएं शुरू करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
धरने में मौजूद सभी लोगों ने एक स्वर में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग उठाई और सरकार से शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।

