श्रीनगर गढ़वाल में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भव्य रैली, संविधान मूल्यों पर दिया जोर

श्रीनगर गढ़वाल में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भव्य रैली, संविधान मूल्यों पर दिया जोर

स्थान : पौड़ी
ब्यरो रिपोर्ट

श्रीनगर गढ़वाल में संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भीम आर्मी भारत एकता मिशन और वाल्मीकि समाज के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत नैथाणा पुल स्थित पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इसके बाद रामलीला मैदान से एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली गणेश बाजार, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मार्ग, गुरुद्वारा रोड, सब्जी मंडी और गोला पार्क होते हुए पुनः रामलीला मैदान में पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने बाबा साहेब के समर्थन में नारे लगाए और उनके सामाजिक न्याय एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। पूरे शहर में जय भीम के नारों से माहौल गूंज उठा।

कार्यक्रम में गढ़वाल विश्वविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सदियों से वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए संविधान लागू होने के 76 वर्षों बाद भी निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है।

उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए उनके सिद्धांतों को अपनाना जरूरी है।

जिला अध्यक्ष सुरेश मुयाल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने शिक्षा और एकता के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वहीं प्रशासनिक कारणों से देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की व्यस्तता के चलते गढ़वाल आईजी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।