द्वाराहाट में ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती मेले का भव्य शुभारंभ, हजारों लोग पहुंचे

द्वाराहाट में ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती मेले का भव्य शुभारंभ, हजारों लोग पहुंचे

स्थान : द्वाराहाट
ब्यरो रिपोर्ट

द्वाराहाट में प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्याल्दे बिखौती मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मदन सिंह बिष्ट ने मेले का उद्घाटन किया, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या भी मौजूद रहीं।

मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। दूर-दराज से आए हजारों की संख्या में मेलार्थियों ने मेला स्थल पर पहुंचकर परंपरागत संस्कृति और लोकजीवन का आनंद लिया।

इस वर्ष मेले में नौज्यूला दल के अंतर्गत आने वाले 9 गांवों ने भी सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया, जिससे मेले की रौनक और अधिक बढ़ गई। पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली द्वाराहाट की पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी।

प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए, जिससे मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। लोगों ने व्यवस्था की सराहना की।

मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई है। देर शाम को स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और संगीत प्रभाग की टीमों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि स्याल्दे बिखौती मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जिसे देखने और इसमें भाग लेने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।