लालकुआं में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, निकाली गई भव्य शोभा यात्रा

लालकुआं में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, निकाली गई भव्य शोभा यात्रा

स्थान : लालकुआं
ब्यरो रिपोर्ट

लालकुआं नगर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मंगलवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र में विभिन्न संगठनों द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नगर की अंबेडकर जन सेवा समिति के तत्वावधान में सुबह अंबेडकर नगर स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकली यह यात्रा पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र रही। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और ‘जय भीम’ के गगनभेदी नारे लगाए गए।

कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी मुकेश कुमार के नेतृत्व में किया गया। इसमें समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शोभा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः अंबेडकर पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण बाबा साहेब के विचारों और उनके योगदान के प्रति सम्मान से सराबोर रहा।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की धर्मपत्नी चंद्रिका बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रूपा देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेन्द्र बोरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, कांग्रेस नेता शंकर जोशी, युवा नेता भुवन पांडे सहित अनेक राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। लालकुआं के होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी सभी ने सराहना की।