

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर मुख्यालय अग्निशमन एवं आपातकाल सेवा से प्राप्त निर्देशों के क्रम में बाजपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग ने शहीद कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम के तहत प्रभारी अग्निशमन अधिकारी बाजपुर एफएसएसओ चंद्रा राम द्वारा परेड का संचालन कराया गया। इसके बाद ड्यूटी के दौरान शहीद हुए अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

इस मौके पर सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया। माहौल पूरी तरह गंभीर और श्रद्धामय रहा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इसके बाद अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली का शुभारंभ किया गया। यह रैली बाजपुर क्षेत्र में निकाली गई, जिसमें आम जनता को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के दौरान अग्निशमन विभाग की ओर से पंपलेट वितरित किए गए और लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग से संपर्क करने की अपील की गई।


कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

