चंपावत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन उग्र, 11वें दिन भी धरना जारी

चंपावत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन उग्र, 11वें दिन भी धरना जारी

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

चंपावत जिले में मानदेय सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। आंदोलन के 11वें दिन भी लोहाघाट के रेन बसेरा परिसर में कार्यकर्ताओं ने धरना जारी रखा और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

धरने का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष कविता पंत के निर्देशन में किया जा रहा है। जबकि जिला संगठन की अध्यक्ष मीना बोहरा के निर्देश पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। इसी कारण अब आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेता जा रहा है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि पहले उन्हें लोहाघाट तहसील परिसर से हटाकर रेन बसेरा भेज दिया गया, जहां निर्माण कार्य चलने और स्थान के जंगल से सटा होने के कारण धरना देने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों पर सुनवाई नहीं होती तो वे 24 घंटे धरना देने को मजबूर होंगी। साथ ही उन्होंने मांग की है कि या तो धरना स्थल बदला जाए या उन्हें पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

आंदोलनकारियों ने अपनी प्रमुख मांगों में 24 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, बायोमैट्रिक उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि शामिल की है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

धरने के चलते जिले के कई आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य भी प्रभावित हुआ है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं ठप पड़ने की स्थिति बन गई है।