

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर खटीमा में इस वर्ष दो अलग-अलग क्षेत्रों से भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भीम अनुयायियों ने भाग लिया।


पहली शोभायात्रा मेला घाट क्षेत्र से प्रारंभ होकर ब्लॉक कार्यालय तक पहुंची, जबकि दूसरी यात्रा बरी अंजनिया से शुरू होकर थारू विकास भवन तक निकाली गई। दोनों ही जुलूसों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।


शोभायात्रा के दौरान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत शिरोमणि संत रविदास और महात्मा गौतम बुद्ध की भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए लोग मार्गों पर उमड़ पड़े।


पूरे क्षेत्र में नीले झंडों और “जय भीम” के नारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और लोगों ने बाबा साहेब के विचारों को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने खटीमा के मुख्य चौक पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को फल और पानी वितरित किया तथा सभी को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं दीं।

वहीं वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

खटीमा पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

