एसएसपी अजय गणपति ने कोतवाली बाजपुर का किया वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा

एसएसपी अजय गणपति ने कोतवाली बाजपुर का किया वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने सोमवार को कोतवाली बाजपुर का विस्तृत वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए आम जनता की समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कोतवाली परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा पुलिसकर्मियों के बैरक का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की स्थिति का आकलन किया।

एसएसपी ने अभिलेखों के उचित रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए लंबित माल और वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड समय पर अपडेट और व्यवस्थित होने चाहिए ताकि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस जवानों को शस्त्र संचालन और दंगा नियंत्रण ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान एसएसपी ने आपदा प्रबंधन उपकरणों की भी जांच की और उन्हें हर समय क्रियाशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए दोराहा चौकी इंचार्ज जगदीश तिवारी और मालखाने के बेहतर रखरखाव के लिए एएसआई प्रताप को सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना की।

इसके बाद आयोजित जनता दरबार में क्षेत्रीय लोगों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं, जिन पर एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।

पुलिस सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने जवानों की व्यक्तिगत समस्याएं भी सुनीं और उन्हें अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुलिस बल को जनता के प्रति संवेदनशील रहने की सलाह दी।

अंत में एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में बीट प्रणाली, नियमित गश्त और चीता ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।