विकासनगर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

विकासनगर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

बार एसोसिएशन विकासनगर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने बुधवार को विधिवत शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित समारोह में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रेम सिंह खिमाल शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय गुप्ता और सचिव मयंक गर्ग को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इसके पश्चात पूर्व अध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह ने अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए उन्हें जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा से करने का आह्वान किया।

नवनियुक्त अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अपने संबोधन में अधिवक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने विशेष रूप से जूनियर अधिवक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर चैंबर और इंश्योरेंस सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।

मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रेम सिंह खिमाल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका आमजन को सुलभ और त्वरित न्याय देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे उन्हें न्याय पाने में किसी प्रकार की बाधा न हो।

शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत ढकरानी कोर्ट के सामने अधिवक्ताओं के लिए बनाए जाने वाले नए चैंबर का शिलान्यास भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने इस पहल का स्वागत किया और इसे सुविधाओं में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।