

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल ब्लॉक के सूर्या जाला गांव में वन विभाग ने एक बाघ को ट्रेंकुलाइज करने में सफलता हासिल की है। देर रात वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने बाघ को निश्छल कर अपने कब्जे में ले लिया और उसे रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।


सूत्रों के अनुसार, सूर्या जाला ग्रामीण क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक महिला अपने पालतू मवेशियों के लिए जंगल में चारा लेने गई थीं, तभी बाघ ने उन पर हमला किया था। इस घटना के बाद से ही वन विभाग ने इलाके में पांच पिंजरे और दस से अधिक कैमरे लगाकर सघन सर्च अभियान चलाया।


वन्यजीव विभाग की टीम के अनुसार, बाघ ने बीते दिन एक मवेशी का शिकार किया था। जब बाघ अपने उसी शिकार को खाने के लिए लौट रहा था, तभी वन विभाग ने उसे ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया।


पकड़े गए बाघ के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि होगी कि यह वही बाघ था जिसने महिला पर हमला किया था या कोई अन्य वन्यजीव।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल के निकट पालतू पशुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें और अकेले जंगल में जाने से बचें।

विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों में जंगली जानवरों के हमले बढ़ रहे हैं, जिससे न केवल पशुओं बल्कि मानव जीवन पर भी खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय प्रशासन और वन विभाग मिलकर ऐसे घटनाओं को रोकने के लिए सतत निगरानी और बचाव उपायों को तेज कर रहे हैं।

