कालाढूंगी में छत गिरने से 6 लोग घायल, एंबुलेंस देरी पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

कालाढूंगी में छत गिरने से 6 लोग घायल, एंबुलेंस देरी पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालाढूंगी के वार्ड नंबर 3 में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां मकान की छत और छज्जा गिरने से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर जुट गए।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

घायलों में रेशमा (35 वर्ष), आसमा (30 वर्ष), लैबानूर (5 वर्ष), सबीना (30 वर्ष) और सबीना (21 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी वार्ड नंबर 3 के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में सभी को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के दौरान 108 एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। सभासद मोहम्मद दानिश ने कहा कि कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केवल एक ही एंबुलेंस उपलब्ध है, जबकि क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि कालाढूंगी अस्पताल को जल्द से जल्द एक और एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाए, ताकि आपात स्थिति में समय पर सहायता मिल सके।

वहीं सभासद सरवर अली ने बताया कि एंबुलेंस देर से पहुंचने के कारण कई घायलों को निजी वाहनों से ही हल्द्वानी उपचार के लिए भेजना पड़ा।

स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन से स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग उठ रही है।