ऊधम सिंह नगर में निजी स्कूलों पर अतिरिक्त किताबों का आरोप, अभिभावकों में नाराजगी

ऊधम सिंह नगर में निजी स्कूलों पर अतिरिक्त किताबों का आरोप, अभिभावकों में नाराजगी

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश भर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है। विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है और अभिभावक बच्चों के लिए कोर्स की किताबें खरीदने में जुटे हैं। इसी बीच ऊधम सिंह नगर से निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर शिकायतें सामने आई हैं।

बताया जा रहा है कि कई निजी विद्यालय एनसीईआरटी की पुस्तकों के अलावा अतिरिक्त किताबें भी खरीदने के लिए अभिभावकों पर दबाव बना रहे हैं। इससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जसपुर क्षेत्र में भी इसी तरह के हालात देखने को मिल रहे हैं। इस मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से बातचीत कर स्थिति से अवगत कराया।

चरनजीत सिंह ने बताया कि पहले निजी स्कूलों की स्थिति संतोषजनक थी, लेकिन अब जब अभिभावक किताबें खरीदने दुकानों पर पहुंच रहे हैं, तो उन्हें एनसीईआरटी के साथ 8 से 10 अतिरिक्त किताबें भी दी जा रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि यह सूची स्कूलों द्वारा दी गई है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि 27 मार्च को सभी निजी विद्यालयों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि उत्तराखंड की शिक्षा नीति के अनुसार केवल एनसीईआरटी की किताबें ही लागू होंगी। इसके बावजूद कुछ विद्यालयों द्वारा मनमानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा अवैध वसूली और महंगी किताबें लागू करना नियमों के विरुद्ध है। इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

इस मुद्दे को लेकर 1905 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है और इसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही गई है। अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर राहत देने की मांग की है।