
स्थान – खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले खटीमा ब्लॉक के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वे ब्लॉक मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं।


कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें मानदेय में वृद्धि और राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। पुष्पिंदर कौर, उपाध्यक्ष, ने बताया कि लंबे समय से सेवा दे रही महिलाओं की यह पुरजोर मांग है। उनका कहना है कि राज्य कर्मचारी घोषित होने पर उन्हें सरकारी सुविधाएं भी मिल सकेंगी।

मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों में अधिक कार्यभार होने के कारण समान वेतन की मांग भी की जा रही है। अध्यक्ष हेमा पोखरिया ने कहा, “हम दिन-रात सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हैं, लेकिन बदले में हमें बहुत कम मानदेय मिलता है।


हमारी मांग है कि सरकार या तो हमारा मानदेय बढ़ाए या हमें राज्य कर्मचारी का दर्जा दे।”
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलता, वे धरने से नहीं उठेंगे। इसके चलते आंगनबाड़ी केंद्रों पर कामकाज पूरी तरह ठप रहने की संभावना है।


अब देखना यह होगा कि क्या सरकार इन ‘मातृशक्ति’ की पुकार सुनती है या आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा।


