हरिद्वार: रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी के गिरोह का किया पर्दाफाश, 10 मोटरसाइकिलें बरामद

हरिद्वार: रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी के गिरोह का किया पर्दाफाश, 10 मोटरसाइकिलें बरामद

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार की कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी नशे की लत में थे और इसे पूरा करने व अपने शौक के लिए अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बेहद कम कीमतों पर बेचते थे। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रानीपुर कोतवाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि उत्तराखंड पुलिस ऐप पर दर्ज ई-एफआईआर की मदद से रानीपुर, सिडकुल और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय इस गिरोह पर नजर रखी जा रही थी।

लगातार शिकायतों और निगरानी के बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर इस गिरोह को धर-दबोचा। बरामद मोटरसाइकिलों के असली मालिकों की पहचान की जा रही है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई से न केवल चोरी के मामलों में कमी आएगी, बल्कि आम जनता को सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।

एसएसपी ने जनता से अपील की है कि वे अपनी संपत्ति की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इस सफलता से रानीपुर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता को लेकर सकारात्मक संदेश गया है, और चोरी जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।