उत्तराखंड कांग्रेस में बयानबाज़ी के बीच प्रदेश अध्यक्ष का बयान, गुटबाजी से किया इनकार

उत्तराखंड कांग्रेस में बयानबाज़ी के बीच प्रदेश अध्यक्ष का बयान, गुटबाजी से किया इनकार

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड कांग्रेस में हालिया घटनाक्रम के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। रामनगर से संजय नेगी की दिल्ली में जॉइनिंग न होना, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की नाराजगी और उपवास, साथ ही विधायक हरीश धामी का हरक सिंह रावत पर जवाबी हमला इन सब घटनाओं ने पार्टी के भीतर हलचल बढ़ा दी है।

इन तमाम घटनाओं के बाद पहली बार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का बयान सामने आया है। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी की बातों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि संगठन पूरी तरह एकजुट है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी नेताओं से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक मंचों पर इस प्रकार की बयानबाज़ी से बचें और पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करें। उन्होंने कहा कि आंतरिक मुद्दों को सार्वजनिक करने से संगठन को नुकसान होता है।

उन्होंने आगामी प्रदेश प्रभारी के उत्तराखंड दौरे को लेकर भी जानकारी दी। अध्यक्ष के अनुसार सभी नेता इस दौरे की तैयारियों में जुटे हैं और पार्टी का प्रयास है कि यह दौरा सफल रहे।

सदस्यता अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लगातार नए सदस्य जुड़ रहे हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जो कार्यकर्ता लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें उचित सम्मान और प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जनता के मुद्दों को उठाना है। इसके लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हालिया घटनाक्रम के बाद प्रदेश नेतृत्व के इस बयान से यह साफ संकेत दिया गया है कि पार्टी फिलहाल अंदरूनी विवादों को नियंत्रित करने की कोशिश में है।