
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” लगातार जारी है। वीकेंड के दौरान होटल, पब और बार पर विशेष सख्ती बरती जा रही है।


पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय के बाद खुले पाए जाने वाले होटल, पब और बार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस टीमों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।


इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उच्च अधिकारियों द्वारा घंटाघर पर नगर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को ब्रीफ किया गया।


अधिकारियों ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें।

अभियान के तहत अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न इलाकों में होटल, पब और बार की जांच कर रही हैं। पुलिस की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और देर रात होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है।

दून पुलिस ने साफ किया है कि “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

