
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लक्सर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस द्वारा अभियान चलाकर ऐसे आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, जो लंबे समय से नशे के धंधे में लिप्त हैं।


पुलिस ने ऐसे अपराधियों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। इन आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उनके खिलाफ मजबूत कार्रवाई की जा सके।


लक्सर पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र को नशामुक्त बनाना है।


उन्होंने जानकारी दी कि लक्सर कोतवाली सहित खानपुर और पथरी क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस टीमें लगातार इन क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस केवल गिरफ्तारी तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऐसे अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई करेगी। जिन संपत्तियों को नशे के पैसे से अर्जित किया गया है, उन्हें सीज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की रिपोर्ट जल्द ही उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस अभियान से नशे के कारोबारियों में खलबली मची हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

