मसूरी: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

मसूरी: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

माल रोड स्थित एक होटल सभागार में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अनिज गौड़ और मीडिया संयोजक युसूफ मलिक का भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मसूरी अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा और जिलामंत्री शाहिद मंजूर सहित स्थानीय पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ परिचयात्मक संवाद भी किया गया। संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष अनिज गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज तेजी से मुख्यधारा से जुड़ रहा है और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। इससे शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है और लोगों का भरोसा सरकार पर बढ़ा है।

अनिज गौड़ ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे लोकतंत्र और मजबूत होगा।

बैठक के अंत में स्थानीय पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया गया।