
स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

रेलवे स्टेशन की पिट लाइन में मरम्मत कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 8:30 बजे एक गाड़ी के पीछे लगने वाला जनरेटर और गार्ड कोच (गॉड वैन) अचानक बिना इंजन के ही चल पड़ा और करीब डेढ़ सौ मीटर तक लुढ़कने के बाद पटरी से उतर गया।


घटना के दौरान मौके पर मौजूद रेल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। कोच के अचानक खिसकने पर कर्मचारियों ने उसे रोकने के लिए उसके पीछे दौड़ लगाई और गुटका लगाने की कोशिश भी की, लेकिन कोच की गति बढ़ने के कारण उसे समय रहते रोका नहीं जा सका।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिट लाइन में कोच की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वह धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकने लगा और कुछ ही क्षणों में गति पकड़ ली। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन सभी कोशिशें नाकाम रहीं।


बताया जा रहा है कि लुढ़कता हुआ यह कोच आगे जाकर पॉइंट (टर्नआउट) के पास पटरी से उतर गया। इस दौरान रेलवे परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप का माहौल बना रहा, हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रशिक्षित रेल कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद कोच को उठाकर दोबारा पटरी पर लाने का काम किया गया, जिससे संचालन सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोच की रफ्तार ज्यादा होती या वह किसी सक्रिय लाइन की ओर बढ़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल गई।


