हल्द्वानी में सात सवालों को लेकर धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी में सात सवालों को लेकर धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

हल्द्वानी में दीप चंद्र पांडे ने “सात सवाल, सात दिन जवाबदेही” अभियान के तहत बुद्ध पार्क में पिछले कई दिनों से धरना प्रदर्शन शुरू कर रखा है। उनका कहना है कि जनसमस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन गंभीर नहीं है।

पांडे का आरोप है कि शिक्षा के अधिकार, फुटपाथ निर्माण, ठेला-वेंडर जोन और ऑटो व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर सरकार ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान तक उनका धरना जारी रहेगा।

उन्होंने प्राइवेट स्कूलों की मनमानी को भी बड़ा मुद्दा बताया। पांडे के अनुसार निजी स्कूलों के कारण अभिभावकों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इस पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है।

फुटपाथों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हल्द्वानी शहर में अधिकतर फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में हैं। इसके बावजूद नगर निगम इस ओर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे पैदल चलने वालों को दिक्कत हो रही है।

ऑटो चालकों की समस्या को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उनका कहना है कि सरकार द्वारा एलपीजी व्यवस्था लागू किए जाने के बावजूद ऑटो चालकों के चालान किए जा रहे हैं, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है।

दीप चंद्र पांडे ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। इससे उनकी नाराजगी बढ़ती जा रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस धरने को लेकर क्या कदम उठाता है।