
स्थान : लोहाघाट
रिपोर्टर : अशोक सरकार

खटीमा में अवैध कटान और पशु अवशेषों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। चर्बी से भरे कंटेनर के पकड़े जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया।


इस्लामनगर गोटिया स्थित सलाद हाउस के पास प्रशासनिक टीम ने छापेमारी की, जहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। मौके पर भारी मात्रा में पशुओं के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार वीरेंद्र सजवान के नेतृत्व में तहसील प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने इलाके में दबिश दी। टीम ने एक मकान और उसके सामने के परिसर की तलाशी ली।


तलाशी के दौरान भारी मात्रा में जानवरों की खालें और हड्डियां बरामद की गईं। इस खुलासे के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

नगर पालिका की टीम द्वारा मौके पर मिले अवशेषों को सुरक्षित तरीके से निस्तारण करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार का संक्रमण या दुर्गंध फैलने से रोका जा सके।

तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने साफ किया कि इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी कुंडली खंगाल रहा है।

इस संयुक्त कार्रवाई में तहसील प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

