लक्सर में सहकारी समिति कर्मचारियों का वेतन रुका, आंदोलन की चेतावनी

लक्सर में सहकारी समिति कर्मचारियों का वेतन रुका, आंदोलन की चेतावनी

स्थान : लकसर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर क्षेत्र की निरंजनपुर सहकारी समिति में कर्मचारियों ने चेयरमैन पर पिछले छह माह से वेतन रोकने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

कर्मचारियों का कहना है कि लगातार छह महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेयरमैन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे हठधर्मिता करार दिया है।

समिति के कर्मचारियों के अनुसार, कई बार इस संबंध में चेयरमैन से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। इससे कर्मचारियों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

समिति के एडीओ ने बताया कि यह मामला हाल ही में उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चेयरमैन से वार्ता कर जल्द ही समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं समिति के एमडी हरेंद्र चौहान ने भी चेयरमैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार इस विषय में बातचीत की कोशिश की, लेकिन हर बार टालमटोल किया गया।

एमडी के मुताबिक अब स्थिति यह हो गई है कि चेयरमैन फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझ रहे हैं, जिससे उनकी मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस रवैये से कर्मचारियों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित अधिकारी इस मामले में कितनी जल्दी हस्तक्षेप करते हैं और कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन कब तक मिल पाता है। फिलहाल कर्मचारियों की नजरें समाधान पर टिकी हैं।