उत्तराखंड की राजनीति में संजय नेगी चर्चा में, कांग्रेस जॉइनिंग को लेकर अटकलें तेज

उत्तराखंड की राजनीति में संजय नेगी चर्चा में, कांग्रेस जॉइनिंग को लेकर अटकलें तेज

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों संजय नेगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बनी हुई है।

संजय नेगी ने खुद सामने आकर इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी बढ़ती चर्चा उनकी मजबूत ज़मीनी पकड़ का परिणाम है और यही वजह है कि उनका नाम लगातार सामने आ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जीतने वाले उम्मीदवारों पर दांव लगाने की रणनीति अपना रही है। हाल ही में जिन नेताओं ने पार्टी जॉइन की है, वे सभी जीतने वाले कैंडिडेट हैं और उसी आधार पर टिकट वितरण की तैयारी की जा रही है।

संजय नेगी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी अभी तक न तो प्रदेश अध्यक्ष से कोई औपचारिक बातचीत हुई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व से। इसके बावजूद उनकी जॉइनिंग को लेकर चर्चाएं होना इस बात का संकेत है कि उनकी पकड़ मजबूत है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के राजनीतिक अवकाश को लेकर भी बड़ा बयान दिया। नेगी ने बताया कि वे खुद रावत के आवास पर गए और उनसे मुलाकात की।

नेगी के अनुसार, उन्होंने हरीश रावत से पार्टी हित में अपना अवकाश समाप्त करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि रावत उनकी संभावित जॉइनिंग को लेकर नाराज थे, लेकिन उनका सक्रिय राजनीति से दूर रहना कांग्रेस के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर संजय नेगी कांग्रेस में शामिल होते हैं, तो आगामी चुनावों में पार्टी को नई मजबूती मिल सकती है। फिलहाल उनकी जॉइनिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन चर्चाओं ने उत्तराखंड की राजनीति को गर्मा दिया है।