रामनगर में हनुमान जन्मोत्सव: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया दर्शन-पूजन, श्रद्धालुओं ने किया जोरदार स्वागत

रामनगर में हनुमान जन्मोत्सव: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया दर्शन-पूजन, श्रद्धालुओं ने किया जोरदार स्वागत

स्थान : रामनगर

रिपोर्टर : संजय जोशी

हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर के छोई स्थित हनुमान धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और भंडारा कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा परिसर भक्ति एवं आस्था के वातावरण से सराबोर हो गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि हनुमान जन्मोत्सव जैसे पावन अवसर पर उपस्थित होना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि कई बार वे यहां आने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन कार्यक्रम बन नहीं पाया। इस बार बजरंगबली की कृपा से दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की और सभी पर ईश्वर की कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए अयोध्या में राम मंदिर के भव्य निर्माण और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को मिली सुविधाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान सशक्त हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, आधारभूत संरचना और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन चुका है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसका उद्देश्य धार्मिक सौहार्द बनाए रखना और प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने धार्मिक पर्यटन पर भी जोर देते हुए बताया कि शीतकालीन यात्रा निरंतर संचालित हो रही है। अब तक लगभग 1,60,000 श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों की जानकारी भी साझा की और कहा कि यह आयोजन पूरे देश की आस्था का प्रतीक होगा।

अंत में मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “बजरंगबली की कृपा हम सभी पर बनी रहे और हमारा उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।”