लोहाघाट में केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण में विद्युत लाइन बाधा, विकास समिति ने सरकार से समाधान की मांग की

लोहाघाट में केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण में विद्युत लाइन बाधा, विकास समिति ने सरकार से समाधान की मांग की

स्थान : लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोहाघाट के छमनिया में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन के संचालन में बाधा बन रही मुख्य विद्युत लाइन और पोलों को लेकर लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने सरकार से तत्काल समाधान की मांग की है।

केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कार्य करोड़ों की लागत से किया जा रहा है और यह अंतिम चरण में है। लेकिन भवन परिसर में स्थित मुख्य विद्युत लाइन और उसके 11 पोल बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय संचालन में गंभीर बाधा बन गए हैं।

लोहाघाट विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में समिति के सदस्य नवनिर्मित विद्यालय भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तारीफ करते हुए निर्माणदाई संस्था के राकेश मांगलिक को बधाई दी।

समिति ने कहा कि विद्युत लाइन और पोलों के कारण बच्चों का खेल मैदान निर्माण कार्य लटका हुआ है और भवन का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माणदाई संस्था ने कई बार विद्युत विभाग और शासन प्रशासन से लाइन हटाने की मांग की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

विपिन गोरखा ने सांसद अजय टम्टा और क्षेत्रीय विधायक पर भी दोष लगाते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के प्रति उनकी कोई चिंता नहीं दिख रही है। उन्होंने बताया कि निर्माण के लिए सांसद और विधायक से निधि अपेक्षित है, लेकिन अभी तक राशि उपलब्ध नहीं कराई गई।

समिति ने चेतावनी दी कि अगर अगले 20 दिनों के भीतर विद्युत लाइन हटाने का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे सांसद, विधायक और विद्युत विभाग के खिलाफ मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

समिति ने जोरदार नारेबाजी करते हुए मांग की कि इसी सत्र से विद्यालय में कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाए और विद्युत लाइन हटाने की कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए। उन्होंने शासन और प्रशासन से तत्काल ध्यान देने की अपील की।