
स्थान : खटीमा (उधम सिंह नगर उत्तराखंड)

रिपोर्टर : अशोक सरकार

खटीमा में पिछले 31 जनवरी 2026 को दमगड़ा स्थित तलवार फॉर्म में प्रशासन द्वारा 125 एकड़ भूमि पर कब्जा दिलाने के नाम पर ट्रैक्टरों से खड़ी फसल रौंदे जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।


इस मामले को लेकर 60 वर्षों से उक्त भूमि पर खेती कर रहे किसान किरन तलवार के बेटे अभिमन्यु तलवार ने प्रेस वार्ता कर पूरी घटना का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि भूमि पर कब्जा कराने की कोशिश कुछ भू-माफियाओं की मिलीभगत से की गई थी।


अभिमन्यु तलवार ने कहा कि जब उन्होंने उपजिला अधिकारी, खटीमा से पूछा कि क्या उनके पास कोई सरकारी आदेश या कोर्ट का आदेश है, तो अधिकारी कुछ कहने से बचते नजर आए।
उन्होंने यह भी बताया कि मामला उच्च न्यायालय में डबल बेंच पर रखा गया है और 19 मार्च 2026 को सुनवाई का फैसला होना है।

उन्होंने प्रेस वार्ता में बताया कि पहली सुनवाई में दो भू-माफियाओं पर मुकदमा करने के आदेश माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए थे, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। किसान अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

अभिमन्यु तलवार ने स्पष्ट किया कि जो भी लोग इस भूमि पर खातेदारी होने का दावा करते हैं, उन्हें भू-माफियाओं के झांसे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास खेती करने या खातेदारी का प्रमाण है, वे सीधे उनके पास आकर मामले को स्पष्ट करें।

किसान ने यह भी बताया कि उनका परिवार 60 वर्षों से तलवार फॉर्म और अशोक फॉर्म के अंतर्गत इस भूमि पर खेती कर रहा है और फसल की उपज का भुगतान उन खातेदारों को समय-समय पर करता रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी विवादित भूमि पर अपने अधिकार साबित करने वाले लोग उचित दस्तावेज के साथ आएं, ताकि भू-माफियाओं के चक्कर में समय और संपत्ति का नुकसान न हो।

इस घटना ने खटीमा क्षेत्र में किसानों की सुरक्षा और भूमि अधिकारों को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और किसान अब उच्च न्यायालय के फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


