हनोल: धर्मांतरण मामले ने क्षेत्र में बढ़ाई चिंता

हनोल: धर्मांतरण मामले ने क्षेत्र में बढ़ाई चिंता

स्थान : चकराता

ब्यूरो रिपोर्ट

जौनसार बावर – हनोल क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर हाल ही में सामने आए मामले ने इलाके में चिंता और हलचल पैदा कर दी है।

महासू देवता मंदिर के पास एक मकान में प्रार्थना सभा चल रही थी, जिसमें स्थानीय लोगों ने कथित रूप से छह से अधिक लोगों के धर्म परिवर्तन की जानकारी दी।

सूचना के बाद रूद्र सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां जांच के दौरान राजू नामक व्यक्ति आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को प्रार्थना में शामिल करवा रहा पाया गया।

पुलिस ने तलाशी के दौरान कई धार्मिक पुस्तकें और ईसा मसीह से जुड़े प्रतीक चिन्ह बरामद किए। प्रार्थना में शामिल लोगों ने दावा किया कि उन्होंने स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन किया है।

स्थानीय हिंदू संगठनों ने इस गतिविधि को सुनियोजित रणनीति का हिस्सा करार दिया और कहा कि यह क्षेत्र, जिसे सरकार मास्टर प्लान के तहत विकसित कर रही है, इसके आसपास इस तरह की गतिविधियां चिंताजनक हैं।

पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गहन जांच में लगी हुई हैं। इस दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि धर्मांतरण में किसी प्रकार का दबाव, प्रलोभन या बाहरी फंडिंग शामिल तो नहीं है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने हनोल क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चेतावनी की भावना पैदा कर दी है।