लक्ष्मण चौक फर्नीचर वर्कशॉप में भीषण आग, जनहानि टली

लक्ष्मण चौक फर्नीचर वर्कशॉप में भीषण आग, जनहानि टली

स्थान – देहरादून

ब्यूरो रिपोट

देहरादून शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मण चौक में मंगलवार देर रात करीब 9:30 बजे एक फर्नीचर वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए करीब आधा दर्जन फायर टेंडर आग बुझाने में जुट गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आसपास की दुकानों और मकानों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पास ही चल रहे एक शादी समारोह में हुई आतिशबाजी की चिंगारी से वर्कशॉप में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के संबंध में सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि आग लगने के दौरान किसी के अंदर फंसे होने की सूचना नहीं मिली। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

वर्कशॉप में रखी लकड़ी और फर्नीचर सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। प्रशासन ने शादी समारोहों में आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।