हरिद्वार विष्णु घाट चौराहे में तीन दुकानों में भीषण आग

हरिद्वार विष्णु घाट चौराहे में तीन दुकानों में भीषण आग

स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक, विष्णु घाट चौराहा, सोमवार देर रात भीषण अग्निकांड की चपेट में आ गया। रात लगभग 01:15 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित तीन खाने-पीने की दुकानों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर से दो फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल पर रवाना की गई। दमकल टीम ने पहुंचते ही पाया कि तीनों दुकानों में आग विकराल रूप ले चुकी थी। इस दौरान एक गैस सिलिंडर में विस्फोट हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिलिंडर फटने के बाद आग तेजी से फैलते हुए सामने स्थित दो होटलों—होटल हरि निवास और राज होटल—की दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। उस समय इन होटलों में कई यात्री ठहरे हुए थे।

दमकल और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी होटलों में ठहरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते लोगों को बाहर निकालने से किसी प्रकार की जनहानि टली। हालांकि दुकानों में रखा पूरा सामान आग में खाक हो गया।

दमकल कर्मियों ने साहसिक कार्रवाई करते हुए आग की चपेट में आए चार गैस सिलिंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। यदि ये सिलिंडर फटते तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था।

फायर टीम ने दो मोटर फायर इंजनों (MFE) की मदद से लगातार पंपिंग कर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। उनकी तत्परता से आग अन्य दुकानों और होटलों तक नहीं फैल पाई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव को संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं।