राशन शिफ्टिंग पर महिला डीलर ने लगाए गंभीर आरोप

राशन शिफ्टिंग पर महिला डीलर ने लगाए गंभीर आरोप

स्थान – लक्सर

ब्यूरो रिपोट

लक्सर के वार्ड नंबर 8 स्थित विवादित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान को लेकर बुधवार को नया मोड़ आ गया। प्रशासन द्वारा अटैच किए गए राशन डीलर कुलदीप की मौजूदगी में दुकान का राशन दूसरी दुकान पर शिफ्ट कर दिया गया।

इस दौरान महिला राशन डीलर सुषमा ने कम राशन होने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि राशन की गिनती पहले ही तहसीलदार शुभांगी की देखरेख में कराई गई थी और पूरा स्टॉक विधिवत दर्ज किया गया था।

सुषमा ने आरोप लगाया कि राशन शिफ्ट करते समय उन्हें न तो कोई आधिकारिक सूचना दी गई और न ही उनका फोन उठाया गया। उन्होंने खाद्य आपूर्ति निरीक्षक पर मिलीभगत कर भ्रष्टाचार करने का गंभीर आरोप लगाया।

महिला डीलर का कहना है कि प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और जानबूझकर उन्हें नजरअंदाज किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगी।

वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे विवाद पर क्या स्पष्टीकरण देता है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।