
स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

जीएसटी कार्यालय में तैनात डाटा क्लर्क प्रमोद सेमवाल को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।


शिकायतकर्ता ने सतर्कता को तहरीर में बताया कि उनकी हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री वर्ष 2021 में बंद हो चुकी थी। जीएसटी लागू होने से पहले, वर्ष 2017 के अंतिम तीन माह के वैट टैक्स निपटान के दौरान विभाग ने उन्हें 1 लाख 76 हजार रुपये देय बताये थे।


इसी प्रकरण को निपटाने के लिए प्रमोद सेमवाल ने कथित रूप से 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग की थी और राशि किस्तों में देने की बात कही।


सतर्कता अधिष्ठान ने शिकायत की जांच के बाद जाल बिछाया और आज सहायक आयुक्त राज्य कर, खंड 3, हरिद्वार कार्यालय के पास 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए प्रमोद को गिरफ्तार किया।

आरोपी प्रमोद सेमवाल, पुत्र शिव शरण सेमवाल, निवासी सिद्धार्थ एन्क्लेव, द्वारिका विहार, निकट फुटबॉल ग्राउंड, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार है। वह पिछले 18 वर्षों से डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।

सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।

