हरिद्वार के विष्णु घाट पर देर रात भीषण आग, कई खोखे जलकर राख

हरिद्वार के विष्णु घाट पर देर रात भीषण आग, कई खोखे जलकर राख

स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

पवित्र तीर्थनगरी हरिद्वार के Vishnu Ghat पर सोमवार देर रात भीषण आग लगने से पकोड़े-कचोरी के कई खोखे जलकर राख हो गए। आग रात करीब 1:30 बजे लगी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक आशंका सिलेंडर फटने की जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुए जोरदार धमाके से आसपास के होटल और मकानों तक कंपन महसूस किया गया। धमाके की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई और होटलों में ठहरे यात्री घबराकर कमरों से बाहर निकल आए। कई बच्चे डर के मारे रोने लगे, जबकि परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ते नजर आए।

आग की लपटों ने कुछ ही देर में कई अस्थायी खोखों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की तत्परता से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

खोखों के सामने ठहरे कुछ परिवार अब भी सहमे हुए हैं। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है। सिलेंडर विस्फोट की संभावना को ध्यान में रखते हुए तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा