हल्द्वानी का “शरदोत्सव मेला” राज्य मेला कैलेंडर में शामिल करने की मांग

हल्द्वानी का “शरदोत्सव मेला” राज्य मेला कैलेंडर में शामिल करने की मांग

स्थान -हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

हल्द्वानी में आयोजित पारंपरिक “शरदोत्सव मेला” को उत्तराखंड सरकार के आधिकारिक राज्य मेला कैलेंडर में शामिल करने हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेय के माध्यम से आज मानव विकास सेवा संस्थान द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।

संस्थान के अध्यक्ष विक्की योगी के नेतृत्व में प्रस्तुत किए गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 1997 से पंजीकृत यह संस्थान 1999 से हल्द्वानी में मेले का सफल आयोजन कर रहा है। लगभग 25 वर्षों से यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुका है। मेले के मुख्य संरक्षक जिलाधिकारी नैनीताल हैं, जबकि संरक्षक मंडल में उपजिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी शामिल हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि पांच दिवसीय इस आयोजन में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन किया जाता है। मेले में स्थानीय कलाकारों, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मंच प्रदान किया जाता है और राज्य की फिल्म, कला एवं पर्यटन को बढ़ावा दिया जाता है।

संस्थान ने यह भी उल्लेख किया कि मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनी के माध्यम से स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं और राजस्व में वृद्धि होती है।

दूसरे ज्ञापन में संस्थान ने पर्यटन और तीर्थाटन को राज्य की आय का महत्वपूर्ण स्रोत बताते हुए छोटा कैलाश में आयोजित शिवरात्रि मेले को एक सप्ताह तक आयोजित करने और जिलाधिकारी नैनीताल के मार्गदर्शन में उपजिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने की भी मांग की है, ताकि मेला व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष विक्की योगी ने कहा कि “शरदोत्सव मेला” न केवल सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का मंच है, बल्कि यह युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम भी है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी पूनम चंद (सचिव), साक्षी बेलवाल (कोषाध्यक्ष), राजीव शर्मा, जी.एस. रावत (संरक्षक), अमनप्रीत सिंह अरोरा राजा, पंकज मिश्रा, संयम मल्होत्रा, जगदीश उपाध्याय, राजू शर्मा, कौस्तुभ चंदोला, सरोज बिष्ट, भाजपा नेता जहीर अंसारी, भुवनेश्वरी जोशी, हरीश चंद्र एवं शंकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।