देहरादून डोईवाला में बीएमडब्ल्यू ड्राइवर ने पुलिस पर चढ़ाई, दो गंभीर रूप से घायल

देहरादून डोईवाला में बीएमडब्ल्यू ड्राइवर ने पुलिस पर चढ़ाई, दो गंभीर रूप से घायल

स्थान : डोईवाला
ब्यूरो रिपोट

डोईवाला कोतवाली क्षेत्र से बड़ी और हैरतअंगेज़ घटना सामने आई है। पुलिस की चेकिंग के दौरान नशे में धुत्त एक रईसजादे ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार में ब्रेक लगाने की बजाय एक्सीलेटर और तेज कर दिया।

हवा से बातें करती इस बीएमडब्ल्यू ने पुलिस की बैरिकेडिंग को जोरदार टक्कर मार क्षतिग्रस्त कर दिया। जब पुलिस ने रईसजादे को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने कार को फिल्मी अंदाज में पीछे चलाते हुए चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर चढ़ा दिया।

इस घटना से पुलिस कर्मियों में सनसनी फैल गई। मौके पर मौजूद सब इंस्पेक्टर रघुवीर सिंह और उनके साथी मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को डोईवाला के कोतवाल प्रदीप राणा ने तुरंत मदद पहुंचाते हुए जॉली ग्रांट अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस टीम ने घटनास्थल से किसी तरह रईसजादे, बिजनौर निवासी तरुण को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि वह नशे में था।

कोतवाल प्रदीप राणा ने बताया कि बीएमडब्ल्यू भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इसे पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।

तरुण के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट के आदेशानुसार जेल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी समीक्षा की जा रही है।